श्रीगढ़ में 60 परिवारों को मिलीं सोलर लाइटें, विधायक लखपत बुटोला की पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत
पोखरी (चमोली)। पहाड़ के दूरस्थ गांवों में बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत आने वाले श्रीगढ़ गांव में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला की विधायक निधि से 60 परिवारों को सोलर लाइटें वितरित की गईं। सोलर लाइट मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्राम प्रधान कल्पना देवी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांव के जरूरतमंद परिवारों को सोलर लाइटें सौंपी गईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों के दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में सोलर लाइटें लोगों के लिए उपयोगी साबित होंगी।
उत्तराखंड में दलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर, MSP पर खरीद के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
उन्होंने बताया कि गांव में रात के समय जंगली जानवरों की आवाजाही भी बनी रहती है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोलर लाइटों से न केवल घरों में रोशनी मिलेगी बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह पहल लाभदायक होगी।
ग्राम प्रधान ने पूरी ग्रामसभा की ओर से विधायक लखपत बुटोला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता दिए जाने से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
गोदली इंटर कॉलेज का खंड शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट ने किया निरीक्षण, शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सोलर लाइट प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने भी विधायक लखपत बुटोला और ग्राम प्रधान कल्पना देवी का धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बाधित होने की स्थिति में अब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और रात के समय आवश्यक कार्य करने में भी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में ग्राम अध्यक्ष मदन बर्त्वाल, भगत सिंह, चंद्र सिंह, महावीर सिंह, जोत सिंह, मदन सिंह, रजनी देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष लीला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर