चमोली में विद्युत तार चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, गैरसैंण पुलिस ने 600 मीटर चोरी का केबल तार किया बरामद
गैरसैंण (चमोली)। चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र में हुई विद्युत तार चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखा गया करीब 600 मीटर चोरी का विद्युत तार बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 अगस्त 2026 को थाना गैरसैंण में दर्ज मु0अ0सं0-20/26, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित नामजद अभियुक्त के बारे में मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
आदिबद्री के पास मिली सूचना, सुगड़ बैंड से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल के नेतृत्व में थाना गैरसैंण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि विद्युत तार चोरी का मुख्य आरोपी आदिबद्री हनुमान मंदिर के आसपास वाहनों को रोककर अपने साथियों की तलाश कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान मटियाला-नौटी रोड स्थित सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम आस मोहम्मद पुत्र साबिर हुसैन, निवासी महमूदपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), उम्र 37 वर्ष बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों वसीम और मुजफ्फर के साथ मिलकर मटियाला और घंडियाल धार क्षेत्र से 04 केबिल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी किए थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के तार लोडर वाहन से ले जाते समय अधिक मात्रा होने के कारण कुछ तार उसने कर्णप्रयाग की ओर जंगल में छिपा दिए थे, जबकि बाकी तार घूम-घूमकर कबाड़ खरीदने वालों को बेच दिए गए।
जंगल से 600 मीटर विद्युत तार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मटियाला-नौटी रोड से करीब 20 मीटर अंदर जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सूखे पत्तों और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 03 लच्छेदार विद्युत तार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक तार की लंबाई लगभग 200 मीटर थी, जिससे कुल 600 मीटर चोरी का विद्युत तार बरामद हुआ।
बढ़ाई गई धाराएं
मामले में बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2)/61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
- अ0उ0नि0 अनिल आगरी
- हे0का0 राकेश पंवार
- हे0का0 गिरीश सती