पोखरी/चमोली। विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत रौता निवासी भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स के वीर जवान नायक संतोष कुमार देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जहां एक ओर उनके सर्वोच्च बलिदान पर क्षेत्रवासियों को गर्व है, वहीं उनके निधन से हर आंख नम हो उठी है।
नायक संतोष कुमार ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर देशभक्ति, साहस और समर्पण की अद्वितीय मिसाल पेश की है। उनकी शहादत को क्षेत्रवासी सदैव स्मरण रखेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए उनका बलिदान प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

शहीद जवान के निधन की सूचना मिलते ही ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
वीर सपूत नायक संतोष कुमार का अंतिम संस्कार कर्णप्रयाग घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और सेना के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान भारत माता की जय और शहीद अमर रहें के नारों के बीच लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला तथा जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा ने कर्णप्रयाग पहुंचकर शहीद नायक संतोष कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया यह सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
नायक संतोष कुमार की शहादत ने एक बार फिर भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को उजागर किया है। उनका नाम क्षेत्र और देशवासियों के हृदय में सदैव सम्मान और गौरव के साथ याद किया जाएगा।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
