ऊखीमठ सेवा सप्ताह शिविर के तहत बहुविभागीय शिविर, जन-जन तक पहुंचीं सरकारी योजनाएं
रुद्रप्रयाग | 5 जुलाई 2026 | BBU उत्तराखंड ऊखीमठ सेवा सप्ताह शिविर
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ में आयोजित बहुविभागीय सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कई पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए लाभ भी प्रदान किया गया।
विधायक आशा नौटियाल और बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने की, जबकि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी भी प्राप्त की।
ये भी पढ़ें-: थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, डेयरी, सहकारिता, रीप, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, स्वरोजगार, आजीविका सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।
विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कई ग्रामीणों ने मौके पर ही आवेदन कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
लोक संस्कृति ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक
कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति की सुंदर झलक भी देखने को मिली।
विभिन्न महिला मंगल दलों ने पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं प्रसिद्ध जागर गायिका श्रीमती रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
लाभार्थियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कई लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। लाभार्थियों ने कहा कि इन योजनाओं ने उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।
सूचना विभाग ने किया योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार
कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं और प्रचार सामग्री वितरित की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास और सुशासन पर जोर: आशा नौटियाल
मुख्य अतिथि आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, छात्र-छात्राओं और समाज के हर वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बने ऐसे शिविर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कहा कि सेवा सप्ताह के ऐसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धरवाण, प्रधान संगठन महामंत्री मदन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, तहसीलदार निशांत काम्बोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें –: