मुख्यमंत्री धामी का चमोली दौरा : जनसंवाद शिविर में 1,737 आवेदनों का निस्तारण, सरिता देवी को मौके पर मिली झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन
Published: 16 जुलाई 2026
स्थान: गोपेश्वर, चमोली
मुख्यमंत्री धामी का चमोली दौरा- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली के गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता भी वितरित की।









जनसंवाद शिविर में उमड़ी भीड़, 7,472 लोगों ने किया प्रतिभाग
जनसंवाद शिविर में 7,472 लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों को कुल 1,737 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शिविर के दौरान ही निस्तारण सुनिश्चित किया गया। इसके अलावा 203 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 172 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर के माध्यम से 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
सरिता देवी को शिविर में ही मिली झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन
कार्यक्रम के दौरान नन्दानगर विकासखंड के ग्राम खलतरा की सरिता देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र में झंगोरे का उत्पादन तो भरपूर होता है, लेकिन मड़ाई और प्रोसेसिंग की सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए शिविर स्थल पर ही सरिता देवी को झंगोरा मड़ाई एवं प्रोसेसिंग मशीन उपलब्ध कराई।
अन्य शिकायतों का भी हुआ त्वरित समाधान
शिविर में कई अन्य मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
- दशोली के नीरज भट्ट को लिलियम फूलों की खेती के लिए एक माह के भीतर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश।
- ज्योतिर्मठ के गुलशन सिंह राणा को राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत पोल्ट्री हट उपलब्ध कराने के निर्देश।
- दशोली के जयदीप सिंह की लंबित ठेकेदारी पंजीकरण प्रक्रिया उसी दिन पूरी करने के निर्देश।
- पोखरी के देवेन्द्र सिंह को एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे एवं एंटी-हेल नेट अनुदान सहित उपलब्ध कराने के निर्देश।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिली सहायता
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत सहायता सामग्री और वित्तीय सहायता भी वितरित की।
मुख्य लाभों में शामिल हैं—
- मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण।
- अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान।
- फार्म मशीनरी बैंक की स्वीकृति।
- झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन एवं घास कटर मशीन का वितरण।
- चैन लिंक्ड फेंसिंग की सुविधा।
- शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसान ऋण।
- चारा बीज वितरण।
- नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के तहत ₹4 लाख।
- पीएमएफएमई योजना के तहत ₹2 लाख।
- मशरूम उत्पादन योजना के लिए ₹2 लाख।
- कीवी मिशन योजना के तहत ₹4.20 लाख।
- मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत वित्तीय सहायता।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले एफपीओ सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रूपकुण्ड फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, हाटकल्याणी (देवाल) तथा उन्नति स्वायत्त सहकारिता एफपीओ, पडेरगांव (नन्दानगर) को विशेष रूप से सम्मानित किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हो रहा है।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें –: