पोखरी/चमोली। जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी अंतर्गत नेल-सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह भालू के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के निकट जंगल क्षेत्र में भालू ने दो महिलाओं पर अचानक हमला कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में एक महिला गहरी खाई की ओर गिर गई। इस हादसे में विमला देवी (55 वर्ष), पत्नी चंद्रशेखर नेगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी देवी (42 वर्ष), पत्नी गजेंद्र नेगी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया।
डॉ. शनि चौधरी ने बताया कि भालू के हमले में एक महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
पोखरी पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, भटकी बुजुर्ग महिला को सकुशल परिजनों से मिलाया
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी तथा वन विभाग के अधिकारी मोहन बर्त्वाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार डीएफओ रजत सुमन और एसडीओ मोहन सिंह भी मामले की निगरानी कर रहे हैं। वन विभाग की एक टीम घायल महिला के साथ श्रीनगर अस्पताल भेजी गई है ताकि उपचार और अन्य व्यवस्थाओं में सहायता प्रदान की जा सके।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान जंगलों से आबादी वाले क्षेत्रों की ओर वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।