कर्णप्रयाग हिंसक घटना और पोखरी की बदहाल सड़कों को लेकर यूकेडी ने महेंद्र भट्ट का किया घेराव
मोहनखाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मांगा जवाब, सुरक्षा और सड़क व्यवस्था पर उठाए सवाल
पोखरी/चमोली। कर्णप्रयाग में हाल ही में हुई हिंसक घटना और पोखरी क्षेत्र की जर्जर सड़क व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का मोहनखाल में घेराव कर अपनी नाराजगी जताई। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार से क्षेत्रीय समस्याओं पर जवाबदेही तय करने और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
यूकेडी नेता बीरू सजवाण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में स्थानीय लोगों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान स्थानीय लोगों पर हथियारों से हमला किया गया, जिस पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
ये भी पढ़ें-:
प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान पोखरी क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। यूकेडी नेताओं का कहना था कि लंबे समय से क्षेत्र की सड़कें खराब स्थिति में हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, सुरक्षा और सम्मान जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
यूकेडी कार्यकर्ताओं के अनुसार, बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कथित रूप से कहा कि “पहले चुनाव लड़ो, जीतो और तब विकास करो।” इस बयान को लेकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे जनभावनाओं के विपरीत बताया।
यूकेडी का कहना है कि उनका प्रतिनिधिमंडल केवल कर्णप्रयाग हिंसक घटना और पोखरी क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर अपनी बात रखने पहुंचा था। संगठन ने सरकार से मांग की है कि क्षेत्रीय समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और कर्णप्रयाग घटना से जुड़े मामलों में निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला महामंत्री चमोली भारत सिंह कुंवर, जिला मीडिया प्रभारी राजेश्वरी बर्त्वाल, युवा अध्यक्ष पोखरी लक्ष्मण नेगी, धर्मेंद्र फरस्वाण, गिरीश नेगी, बबिता देवी, सपना देवी, दमयंती देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें -: