चमोली डायलिसिस सेवा- चमोली के किडनी मरीजों को बड़ी राहत, जिला चिकित्सालय में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सेवा
चमोली, 30 जून 2026। चमोली डायलिसिस सेवा- जनपद चमोली में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलने जा रही है। अब जिला चिकित्सालय, चमोली में जल्द ही डायलिसिस सेवा शुरू होगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपनी सांसद निधि से डायलिसिस मशीन की स्थापना के लिए ₹65 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से ₹50 लाख की प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है, जिससे स्थापना प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अब इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा
डायलिसिस सुविधा शुरू होने के बाद चमोली के किडनी रोगियों को उपचार के लिए देहरादून, श्रीनगर या अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिला चिकित्सालय में ही गुणवत्तापूर्ण डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, साथ ही उन्हें बार-बार लंबी दूरी की यात्रा से भी राहत मिलेगी।
मशीन स्थापना की प्रक्रिया शुरू
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि सांसद निधि से प्राप्त धनराशि के आधार पर डायलिसिस मशीन की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मशीन की खरीद और स्थापना के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया एवं अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी, ताकि यह सुविधा जल्द से जल्द जनपदवासियों को उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मशीन के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और अन्य तैयारियों पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-: थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार
डायलिसिस सेवा शुरू होने से केवल चमोली ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा। यह पहल जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें –: